बुलंदशहर। नगर क्षेत्र में लॉकडाउन के बावजूद ई-रिक्शा लेकर निकले चालक की पुलिसकर्मी ने पिटाई कर दी। पिटाई से ई-रिक्शा चालक के हाथ से खून निकलने लगा, जिसके बाद वहां लोगों ने एकत्र होकर हंगामा शुरू कर दिया। एसएसपी ने सिपाही को लाइन हाजिर करते हुए सीओ सिटी को जांच सौंपी है। नगर के काली नदी रोड पर शनिवार शाम को एक युवक अपनी ई-रिक्शा लेकर आ गया और सवारियों को लाने-ले जाने लगा। डयूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने लॉकडाउन के बावजूद ई-रिक्शा लेकर निकलने पर चालक को फटकार लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। पिटाई के दौरान ई-रिक्शा चालक के हाथ पर चोट लग गई और उसके हाथ से खून निकलने लगा। इसके बाद वहां भीड़ एकत्र हो गई और पुलिसकर्मी को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। पीआरवी वाहन ने वहां पहुंचकर भीड़ को हटाया। मामले की जानकारी मिलने पर एसएसपी ने संबंधित सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एक पुलिसकर्मी द्वारा ई-रिक्शा चालक को पीटने का मामला सामने आया है। सिपाही को लाइन हाजिर करते हुए सीओ सिटी को जांच सौंप दी गई है।