संवाद न्यूज़ एजेंसी बुलंदशहर। करीब एक माह से अधिक वक्त से जारी लॉकडाउन ने गरीब परिवारों के सामने बड़ी दिक्कतें पैदा कर दी हैं। एक तरफ घर से बाहर निकलने पर पाबंदी है तो दूसरी तरफ घर पर छोटे बच्चे भूख से बिलबिला रहे हैं। सीओ सिटी की चेकिंग के दौरान दो रिक्शा चालक भी पकड़े गए। सीओ सिटी ने उनकी आपबीती सुनकर दस दिन का राशन दिलवाकर घर वापस भेज दिया। बृहस्पतिवार सुबह सीओ सिटी राघवेंद्र कुमार मिश्र अपनी टीम के साथ अंसारी रोड चौराहे पर चेकिंग कर रहे थे। उसी दौरान दो रिक्शा चालक वहां से गुजरे। लॉकडाउन के बावजूद सड़क पर रिक्शा लेकर निकलने पर सीओ सिटी के हमराहों ने उन्हें रोक लिया। मोहल्ला साठा निवासी एक रिक्शा चालक ने बताया कि घर पर तीन दिन से राशन खत्म है। दो बच्चे हैं, जो भूख से बिलबिला रहे हैं। ऐसे में कुछ कमाने के लिए रिक्शा लेकर निकलना पड़ा। इसी तरह मामन रोड के एक अन्य रिक्शा चालक, जो हाथ से दिव्यांग था, ने भी घर पर राशन खत्म होने की जानकारी दी। सीओ सिटी ने तत्काल दोनों रिक्शा चालकों को दस-दस दिन का राशन दिलाया और लॉकडाउन का पालन करने की हिदायत दी। सीओ सिटी के कार्य की लोगों ने सराहना की है।