बुलंदशहर। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के गांव दरियापुर में एक युवक द्वारा किसी अन्य के घर के सामने खांसने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले और पथराव भी हुआ। जिसमें दोनों पक्ष के तीन-चार लोग मामूली रुप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने मामले जांच पड़ताल शुरू कर दी है। साथ ही स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है। जानकारी के अनुसार सोमवार को गांव दरियापुर में दो पक्षों के मध्य बच्चों को लेकर विवाद हो गया था। उस वक्त दोनों पक्षों के बुजुर्ग लोगों ने समझाकर मामला शांत करा दिया। मंगलवार सुबह एक पक्ष का युवक दूसरे पक्ष के घर के सामने से गुजर रहा था। युवक को अचानक खांसी उठ आई। खांसने से नाराज होकर दूसरे पक्ष के युवकों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर युवक पक्ष के भी कई लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर पथराव एवं मारपीट हुई। पुलिस के पहुंचने पर मामला शांत हो सका। मारपीट में दोनों पक्षों के तीन-चार लोग चोटिल हुए हैं। कोतवाली देहात प्रभारी सुधीर कुमार त्यागी ने बताया कि एक पक्ष की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।