बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र में शिकारपुर बाईपास रोड पर शराब के नशे में धुत दो युवकों ने सरकारी अस्पताल की नर्स से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर उसे एवं उसके भाई को मारपीट कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर एकत्र हुए लोगों ने दोनों आरोपियों को दबोचकर उनकी धुनाई कर दी। बाद में आरोपियों को पुलिस को सौंप दिया गया। शिकारपुर बाईपास रोड के समीप रहने वाली एक महिला जिला सरकारी अस्पताल में बतौर नर्स कार्यरत है। बुधवार रात को पीडि़ता नर्स अपनी डयूटी खत्म कर भाई के साथ घर लौट रही थी। बताया गया कि शिकारपुर बाईपास रोड पर शराब के नशे में धुत दो युवकों ने नर्स को रोककर उससे अभद्रता करते हुए छेड़छाड़ शुरू कर दी। नर्स और उसके भाई ने आरोपियों की हरकत का विरोध किया तो दोनों आरोपी मारपीट करने लगे। शोर मचाने पर लोग एकत्र हो गए और लोगों ने दोनों आरोपियों को दबोचकर उनकी धुनाई कर दी। सूचना मिलने पर नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। बाद में पीडि़त पक्ष की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। नगर कोतवाली प्रभारी अरुणा राय ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।