बुलंदशहर। जनपद अब कोरोना से मुक्ति की डगर पर है। स्वास्थ्य विभाग के आंकडों के मुताबिक जनपद के अधिकांश लोग कोरोना से जंग जीत चुके हैं। जनपद में अब कुल 27 मरीज कोरोना संक्रमित है। 79 मरीज कोरोना से जंग जीतकर अपने घर लौट चुके है। वहीं, जनपद में दो संक्रमितों की मौत हो चुकी हैं। जनपद में सर्वप्रथम पहला संक्रमित मरीज 29 मार्च को मिला था। जिसके बाद जनपद में अब तक कुल 108 मरीज संक्रमित मिले हैं। मरीजों की संख्या बढ़ने से जनपदवासियों की चिंता बढ़ गई थी, वहीं, हर कोई कोरोना को लेकर डरा हुआ था। हालांकि स्वास्थ्य विभाग के आंकड़े अब जनता को सुकून दे रहे हैं। गत एक सप्ताह में 17 मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार जनपद में अब तक शिकारपुर, बुगरासी, जहांगीराबाद, बुलंदशहर, डिबाई, खुर्जा, सिकंदराबाद और बीबीनगर आदि क्षेत्रों में कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। वर्तमान में बुगरासी, बीबीनगर, जहांगीराबाद आदि के सभी संक्रमित डिस्चार्ज होकर घर जा चुके हैं। जबकि सिकंदराबाद, खुर्जा, बुलंदशहर, शिकारपुर और डिबाई आदि के संक्रमितों का उपचार चल रहा हैं। एसीएमओ डाॅ. रोहताश यादव ने बताया कि जनपद में अब तक 108 कोरोना पाॅजिटिव के मामले मिल चुके हैं। 108 में दो संक्रमितों की मौत और 79 संक्रमित कोरोना से मुक्त हो चुके हैं। साथ ही वर्तमान में 27 संक्रमितों का मेरठ-दिल्ली और चिट्टा स्थित एल-1 अस्पताल में उपचार चल रहा हैं।