बुलंदशहर। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दबंगों ने रंजिशन वादी के घर में घुसकर महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की। साथ ही विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर जानलेवा हमला किया। इसके बाद आरोपी हत्या की धमकी देते हुए भाग गए। देहात कोतवाली पुलिस ने मामले में 16 आरोपियों को नामजद करते हुए एफआईआर दर्ज की है। देहात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर पुलिस को बताया था कि गांव निवासी दूसरा आरोपी पक्ष के खिलाफ बीते दिनों उसने शिकायत की थी। जिससे आरोपी दबंग प्रवृत्ति के लोग पीड़ित पक्ष से रंजिश मानने लगे थे। आरोप है कि गत 24 मई को वादी अपने परिवार के अन्य लोगों के साथ घर पर ही मौजूद था। इस दौरान गांव निवासी आरोपी पक्ष के चमन, सद्ददाम, शमशाद, हामिद, रईस, रोबिन, तौसिफ, अजरूद्दीन, अलताफ, यामीन, रियाज खां, इफजान खां, ताहिर, जहीर, शाहनवाज व आबिद रंजिशन पीड़ित के घर के घर हथियार आदि लेकर घुस आए। आरोपियों ने इस दौरान पीड़ित के परिवार की महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की और फिर विरोध करने पर महिलाओं व पीड़ित के साथ जमकर मारपीट करते हुए हमला किया। इस दौरान आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। शोर शराबा होने पर आरोपी मौके से परिवार को अंजाम भुगतने व भविष्य में हत्या की धमकी देकर भाग निकले। देहात कोतवाल सुधीर कुमार त्यागी ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।