माई सिटी रिपोर्टर बुलंदशहर। कोरोना संक्रमण के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित न करने पर सीएमओ पर गाज गिर गई है। शासन ने सीएमओ का तबादला मुरादाबाद कर दिया है। वहीं, उनके स्थान पर मुरादाबाद जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. भवतोष को जनपद के सीएमओ का चार्ज दिया गया है। सीएमओ के तबादले के बाद स्वाथ्स्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। प्रमुख सचिव अमित मोहन द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि कोविड-19 के संक्रमण के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था सही से संचालित न करने पर और स्थानीय स्तर से प्राप्त शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। उनके द्वारा जारी पत्र में सीएमओ केएन तिवारी को वरिष्ठ परामर्शदाता, ट्रामा सेंटर जिला चिकित्सालय मुरादाबाद के पद पर भेजा गया है। वहीं, जिला चिकित्सालय मुरादाबाद में तैनात वरिष्ठ परामर्शदाता डाॅ. भवतोष शंखधर को बुलंदशहर का नया सीएमओ बनाया गया है। प्रमुख सचिव ने अपने पत्र में स्वतः कार्यमुक्त होकर नवीन तैनाती पर शीघ्र कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, सूत्रों के अनुसार के इस समय जिलाधिकारी भी सीएमओ के कामकाज को लेकर कुछ नाराज चल रहे थे। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई इसी क्रम में हुई है। वहीं, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने सीएमओ केएन तिवारी के स्थानांतरण की पुष्टि की है।