बुलंदशहर। सैफई से मंगलवार को आई रिपोर्ट में एक और व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, जनपद में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 74 ही रहेगी। बताया जा रहा है कि कोरोना संक्रमित व्यक्ति जेवर के रहने वाले एक नेत्र चिकित्सक हैं। उनका सैंपल जनपद के स्वास्थ्य विभाग ने जांच को भेजा था, केस गौतमबुद्धनगर में ट्रांसफर होगा। इसके साथ ही राहत की बात यह है कि जनपद के दो और कोरोना संक्रमित मरीज ठीक हो गए है। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि मंगलवार शाम सैफई से 91 लोगों की रिपोर्ट आई है। जिसमें 85 सैंपल निगेटिव आए हैं, पांच सैंपलों को दोबारा जांच के लिए भेजा गया है। जबकि, एक जेवर निवासी नेत्र चिकित्सक पॉजीटिव पाए गए हैं। इसके अलावा मंगलवार शाम को ही दो मरीज ठीक हुए हैं। इनमें एक शिकारपुर निवासी युवती औैर एक नगर क्षेत्र के राधानगर निवासी 12 वर्षीय बच्चा है। युवती का उपचार मेरठ के अस्पताल में और राधानगर निवासी बच्चे का उपचार चिट्टा स्थित कोविड 19 एल-वन अस्पताल में चल रहा था। दोनों लोगों को अस्पताल से डिस्जार्च कर क्वारंटीन सेंटर में भेजा जा रहा है। जानकारी के अनुसार जेवर निवासी नेत्र चिकित्सक की पत्नी जिला अस्पताल में कार्यरत बताई जा रही हैं। हालांकि, जिला अस्पताल के सभी कर्मियों की कारोना जांच पूर्व में की जा चुकी है। साथ ही समस्त स्टाफ अपनी क्वारंटीन की अवधि भी पूरी कर चुके हैं। बता दें कि, जनपद के कोरोना संक्रमित 74 मरीजों में अब तक 56 लोग ठीक हो चुके हैं। इसके अलावा शिकारपुर निवासी एक चिकित्सक की पूर्व में मौत हो चुकी है। जनपद में अब कुल 17 सक्रिय केस रह गए हैं।