बुलंदशहर। जिला न्यायालय परिसर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोरोना संक्रमित के संपर्क में आए एक अधिवक्ता को क्वारंटीन सेंटर भेजने के लिए टीम पहुंची। मामले की जानकारी होने पर जनपद न्यायाधीश ने हाईकोर्ट को पत्र भेजा था। वहीं, अब हाईकोर्ट के आदेश पर 28 मई को यानी बृहस्पतिवार को जिला न्यायालय परिसर को पूर्ण रूप से सेनेटाइज किया जाएगा। इसके चलते कोर्ट बंद रहेगा और न्यायिक कार्य नहीं किया जा सकेगा। जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास प्रथम निवासी एक व्यक्ति का मंगलवार को कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद अफरा तफरी मच गई थी। जिसके बाद प्रशासन ने उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाना शुरू की। जिस पर सामने आया कि एक अधिवक्ता बीते दिनों उनके संपर्क में आए थे। जोकि, अब न्यायालय में अपनी प्रैक्टिस कर रहे हैं। जानकारी होते ही जिला प्रशासन ने जनपद न्यायाधीश को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी थी। जिसके बाद बुधवार को टीम ने जिला न्यायालय परिसर पहुंचकर उक्त अधिवक्ता को क्वारंटीन सेंटर भेज दिया। जबकि जनपद न्यायाधीश ने उक्त मामला हाइकोर्ट को अवगत कराया। जनपद न्यायाधीश नीलकंठ सहाय ने बताया कि हाईकोर्ट ने निर्देश पर 28 मई यानी बृहस्पतिवार को जिला प्रशासन द्वारा कोर्ट परिसर में पूर्ण रूप से सेनेटाइजेशन कराया जाएगा। इस दौरान कोर्ट में न्यायिक कार्य नहीं हो सकेंगे।