बुलंदशहर में सील किये क्षेत्र का दौरा करते डीएम, एसएसपी व अन्य अधिकारी।
- फोटो : AMAR UJALA
जनपद में रूकनसराय, वीरखेड़ा और जहांगीराबाद के मोहल्ले सील होने के बाद एक दम से सन्नाटा पसर गया है। पुलिस और चिकित्सक के अलावा वहां कोई देखने को नहीं मिल रहा है। सभी सील किए हुए इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है। गलियों तक को बेरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया है। यहां तक कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए भी सिर्फ जिला प्रशासन से तैनात किए गए लोग ही पहुंचा रहे है। इन इलाकों में पुलिस लाउडस्पीकर से बार बार लोगों से घरों से बाहर न निकलने की अपील कर रही है। लोगों से हमेशा मास्क पहनने की भी अपील की जा रही है। यहां तक कि जिनपर मास्क नहीं है उनको मास्क जिला प्रशासन ने उपलब्ध कराया है। बृहस्पतिवार को नगर के सील इलाके रूकनसराय में मंडलायुक्त अनिता सी मेश्राम और आइजी प्रवीण कुमार ने डीएम रविंद्र कुमार और एसएसपी संतोष कुमार सिंह के साथ पहुंचे। वहां पर लोगों के हालचाल मालूम किए और किसी भी प्रकार से परेशान न होने की बात की। मंडलायुक्त अनिता सी मेश्राम ने अफसरों को आदेश दिया कि इलाके के लोगों को खाद्य पदार्थ और दवाइयों के लिए परेशान न होने दिया जाए। जरूरत के हिसाब से सभी की मदद करनी है। उन्होंने सभी को मास्क और इलाके में लगातार सैनिटाइज करने का आदेश भी दिया। वहीं, जहांंगीराबाद के सील मोहल्लों मौहल्ला बंशीधर, अंसारियान, आहनग्रान व लोधराजपूतान में बृहस्पतिवार को डीएम और एसएसपी ने निरीक्षण किया और संबंधित अफसरों को दिशा निर्देश दिए। डीएम और एसएसपी ने कोतवाली प्रभारी व पालिका ईओ को पूरी सजगता के साथ रहकर सभी लोगों के जरूरत का हर सामान उन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। वहींख् सिकंदराबाद तहसील क्षेत्र के वीरखेड़ा में भी पुलिस ने गांव को जाने वाले सभी रास्तों पर बैरिकेटिंग कर दिया है। गांव में लोगों को घरों में रहने की अपील की गई है।