शिकारपुर में मृत डॉक्टर के आवास का जायजा लेते जिलाधिकारी और एसएसपी।
- फोटो : AMAR UJALA
नगर के मंडी मोहल्ला निवासी 58 वर्षीय आयुर्वेद चिकित्सक और भाजपा नगर कार्यकारिणी के पूर्व पदाधिकारी डॉ देवेंद्र कुमार अपनी चिकित्सक पत्नी के साथ मकान में ही एक औषधालय चलाते थे। करीब छह दिन पूर्व उन्हें बुखार और खांसी जुकाम की शिकायत हुई थी। जिसकी उन्होंने स्वयं ही दवा ले ली थी। सात अप्रैल को सांस लेने में दिक्कत होने पर उन्हें बुलंदशहर स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां उन्हें कुछ घंटे वेंटीलेटर पर रखा गया था। हालत बिगडऩे पर आठ अप्रैल को उन्हें दिल्ली स्थित सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 10 अप्रैल की शाम उनकी मौत हो गई। आयुर्वेद चिकित्सक की मृत्यु के बाद सैंपल लेकर जाच को भेजा गया जिसमें वह कोरोना पॉजीटिव पाए गए। जिसके बाद उनकी पत्नी और पुत्र का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने बताया कि सफदरजंग अस्पताल से मिली मौखिक सूचना के आधार पर मृत चिकित्सक के घर के बाकी सदस्यों को आइसोलेशन में रखा गया है। साथ ही चिकित्सक से तथा उनके परिवार से मिलने वाले लोगों की हिस्ट्री खंगाली जा रही है, उन्हें भी क्वारंटीन किया जाएगा।