बुलंदशहर। एसएसपी ने शनिवार देर रात नगर सर्किल के क्षेत्राधिकारी समेत थानों के प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में भी बड़ा उलटफेर किया है। बीते दिनों डीएम की नाराजगी जाहिर करने के बाद एसएसपी ने सीओ सिटी रहे राघवेंद्र मिश्रा को अपराध व लाइन का सीओ बनाया है। जबकि, नगर कोतवाली प्रभारी को महिला थाने का प्रभार सौंपा गया है। गौरतलब है कि बीते दिनों डीएम के निरीक्षण के दौरान मोहल्ला देवीपुरा में कुछ खामियां मिली थीं। जिसके बाद डीएम ने सीओ सिटी व सिटी मजिस्ट्रेट के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की थी। साथ ही सीओ सिटी के खिलाफ लगातार शिकायतों का अंबार भी अफसरों को मिल रहा था। डीएम की नाराजगी के बाद शनिवार देर रात एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने सीओ सिटी राघवेंद्र मिश्रा को हटाकर उन्हें अपराध व लाइन का सीओ नियुक्त किया है। जबकि, अपराध व लाइन सीओ रहीं दीक्षा सिंह को सीओ सिटी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अरुणा राय को महिला थाने की प्रभारी नियुक्त किया है। जबकि, सर्विलांस टीम प्रभारी योगेंद्र सिंह को नगर कोतवाल बनाया गया है। महिला थाना प्रभारी रहीं लक्ष्मी सिंह को नगर कोतवाली भेज दिया गया है। वहीं, देर रात हुए इस उठापटक के बाद चर्चाओं का बाजार गरम है। नगर कोतवाल के स्थानांतरण पर भी कुछ व्यापारी नेताओं ने सोशल मीडिया पर कमेंट किए हैं और उनके तबादले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।