बुलंदशहर। जनपद में कोरोना संक्रमण के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सोमवार को विकास भवन में कार्यरत एक बाबू समेत 17 और लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। वहीं, कोविड-19 अस्पताल से नौ लोगों को समयावधि पूर्ण होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया। इसके अलावा एक मरीज की उपचार के दौरान दम तोड़ देने से मौत हो गई। नए संक्रमित मिलने पर अब जनपद का कुल आंकड़ा 1070 हो गया हैं, जिसमें 822 लोगों को डिस्चार्ज कर दिया गया हैं। वहीं अब तक 26 की मौत हो चुकी हैं। नगर समेत जनपद भर में कोरोना संक्रमण के आंकड़े लगातार बढ़ते जा रहे हैं। सोमवार को नगर समेत जनपदभर के 17 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। नगर के राधानगर, डिप्टीगंज, मोहनकुटी और तिवारी कंपाउंड निवासी एक-एक युवक और साठा निवासी दो युवकों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। जिसमें डिप्टीगंज निवासी एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके अलावा सदर तहसील क्षेत्र के गांव सहकारी नगर और जटापुर निवासी एक-एक युवक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। खुर्जा नगर क्षेत्र की वैशाली कालोनी में भाई-बहन की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे पूर्व परिवार के दो सदस्यों में भी कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी हैं। कालिंदी कुंज में एक महिला और मोहल्ला बुर्ज उस्मान में एक युवक में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। सिकंदराबाद की हीरा कालोनी निवासी एक युवक में भी रेंडम जांच में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार युवक गत आठ वर्षों से गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रह रहा हैं, जहां कोरोना जांच किए जाने पर संक्रमण की पुष्टि हुई। गांव रिटौली निवासी विकास भवन के जिला पंचायती राज में सहायक लिपिक के पद पर तैनात युवक में भी संक्रमण की पुष्टि हुई। विभागीय अफसरों के अनुसार युवक में कोरोना लक्षण मिलने पर कोरोना जांच कराई गई, रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर कोविड-१९ अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया हैं। शिकारपुर नगर क्षेत्र निवासी एक वैद्य रेंडम जांच में पॉजिटिव निकला। स्वास्थ्य अफसरों के अनुसार वैद्य का उपचार नोएडा के एक अस्पताल में चल रहा हैं। डिबाई नगर क्षेत्र के मोहल्ला चौक दुर्गा प्रसाद निवासी एक अधेड़ का उपचार गाजियाबाद के एक निजी अस्पताल में चल रहा हैं, जहां कोरोना जांच कराने पर रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके अलावा ऊंचागांव क्षेत्र के गांव दौलतपुर कला निवासी एक ग्रामीण रेंडम जांच में कोरोना संक्रमित निकला। नौ हुए डिस्चार्ज, एक संक्रमित की मौत नगर के डिप्टीगंज निवासी एक युवक का 14 जुलाई से नोएडा के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था। युवक ने उपचार के दौरान सोमवार को दम तोड़ दिया, जिससे जनपद में मृत लोगों की संख्या अब 26 हो गई हैं। वहीं, नौ लोगों को कोविड-19 अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। जनपद में अब तक 822 लोग डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबकि शेष 222 मरीजों का विभिन्न कोविड-19 अस्पताल में उपचार चल रहा हैं। कोट एक बाबू समेत 17 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर कोविड-19 अस्पताल में भर्ती करा दिया गया हैं। साथ ही नौ लोगों को कोविड-19 अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया हैं। नगर निवासी एक युवक की उपचार के दौरान नोएडा के अस्पताल में मौत हो गई हैं। - डॉ. रोहताश यादव, एसीएमओ/नोडल अधिकारी जहांगीराबाद निवासी बच्चे की भी हुई मौत जहांगीराबाद। नगर क्षेत्र निवासी सात वर्षीय एक बच्चे की मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई हैं। स्वास्थ्य अफसरों का कहना है कि मृतक का परिवार आठ वर्षों से फरीदाबाद में रह रहा हैं और मासूम की हालत गंभीर होने पर मेरठ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के अनुसार मृतक को ब्लड कैंसर था और करीब एक माह से उपचार चल रहा था। रविवार को स्वास्थ्य बिगडऩे पर दम तोड़ दिया। जिसकी मेरठ के चिकित्सकों ने मौत कोरोना पॉजिटिव होने से की हैं। वहीं, मासूम की मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया और मृतक का पीपीई किट पहनाकर स्वास्थ्य अफसरों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। नगर में एहतियात देखते हुए पालिका द्वारा सैनिटाइजेशन का कार्य कराने के साथ थर्मल स्क्रैनिंग कराई जा रही हैं। सीएचसी प्रभारी डॉ. आशीष मुद्गल ने बताया कि मामले की जानकारी मिली हैं। हालांकि, अभी आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हुई है।