धीरेंद्र मिश्र
गाजियाबाद। गरीबों के लिए आवास तो बना दिए लेकिन पांच महीने बाद भी बिजली और पानी की व्यवस्था नहीं हो पाई है। हम बात कर रहे हैं प्रधानमंत्री आवास योजना की। जिले में पांच स्थानों पर 3,496 ईडब्ल्यूएस फ्लैट जीडीए द्वारा बनाए जा रहे हैं। इनमें से डासना में 432 और मधुबन-बापूधाम में 856 आवास दिसंबर में बनकर तैयार हो चुके हैं। इनका आवंटन भी हो चुका है लेकिन बिजली-पानी का कनेक्शन नहीं होने से लोग अपने मकान में नहीं जा पा रहे हैं।
हर गरीब को मकान देने के लिए केंद्र सरकार ने 2014 में पीएम आवास योजना की शुरुआत की थी। इसके तहत गरीबी रेखा के नीचे रहने वालों के लिए शहरों में ईब्ल्यूएस फ्लैट की योजना शुरू की गई थी। गाजियाबाद में विकास प्राधिकरण की ओर से पांच स्थानों पर ईब्ल्यूएस फ्लैट बनाने का काम चल रहा है। प्राधिकरण के मुख्य अभियंता मानवेंद्र सिंह का कहना है कि डासना और मधुबन बापूधाम में 1,288 फ्लैट बनकर तैयार हो चुके हैं। इसके साथ ही प्रताप विहार सेक्टर 11, नूरनगर, निवाड़ी में 2,208 फ्लैटों का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है। इन सबका आवंटन भी हो चुका है। इन प्रोजेक्टों में अभी तक बिजली की व्यवस्था नहीं हो सकी है। बिजली के लिए पांच महीने में तीन बार से अधिक पत्र लिखा जा चुका है। वहीं, जल निगम को भी पेयजल लाइन बिछाने और पानी की व्यवस्था कराने के लिए पत्र लिखा जा चुका है। पावर कॉरपोरेशन के एमडी को भी पत्र लिखा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही आवासों में बिजली पानी की व्यवस्था हो जाएगी।
ऊर्जा निगम के मुख्य अभियंता नीरज स्वरूप का कहना है कि आवास तक बिजली पहुंचाने के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इसी हफ्ते काम शुरू कर दिया जाएगा। आचार संहिता की वजह से काम में देरी हुई है।
-
पेयजल लाइन बिछाने के लिए शासन में अटका एस्टिमेट
जल निगम के अधिशासी अभियंता संजय कुमार का कहना है कि पीएम आवास तक पेयजल लाइन बिछाने के लिए एस्टिमेट फरवरी में शासन को स्वीकृति के लिए भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
-
कहां कितने आवास
मधुबन-बापूधाम : 856
डासना : 432
प्रताप विहार सेक्टर 11 : 1,200
नूरनगर राजनगर एक्सटेंशन : 480
निवाड़ी : 528
-
- जीडीए का कहना है कि ऊर्जा निगम को कई बार लिखा जा चुका है पत्र
- मधुबन बापूधाम में बनाए गए हैं आवास
- ऊर्जा निगम के अधिकारियों का कहना है कि अगले हफ्ते शुरू कर देंगे काम