वेवसिटी क्षेत्र के ग्राम बम्हैटा में 10 सितंबर की रात अपने किराये के कमरे पर खाना खा रहे दो भाइयों के साथ कम्पनी के एचआर और उसके तीन साथियों द्वारा जमकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
वसुधा अपार्टमेंट निकट साई पब्लिक स्कूल, बम्हैटा निवासी पीड़ित शिवहरी पुत्र प्रभु ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 10 सितम्बर की रात लगभग 9 बजे वह अपने भाई रामेश्वर के साथ अपने कमरे पर खाना खा रहा था। उसी दौरान मानव ब्रेवरीज प्रा.लि. बुलंदशहर रोड इंडस्ट्रियल एरिया, गाजियाबाद में कार्यरत एचआर अजय अपने साथी विक्रांत, अरुण और हर्ष के साथ वहां पहुंचा।
पीड़ित का आरोप है कि चारों आरोपियों ने कमरे में आते ही उनके और उनके भाई के साथ बेवजह मारपीट शुरू कर दी और जमकर पीटा। शोर सुनकर जब आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, तो आरोपी दोनों भाइयों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
मारपीट में दोनों भाइयों को गम्भीर चोटें आई।
घटना के तुरन्त बाद पीड़ित पक्ष थाने पहुंचा, जहां से पुलिस द्वारा उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। अस्पताल में अपना इलाज कराने के बाद पीड़ित शिवहरी ने थाना वेव सिटी में आरोपियों के खिलाफ नामजद शिकायत देकर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल ने बताया कि पीड़ित की दी गई शिकायत के आधार पर मानव ब्रेवरीज के आरोपी एचआर अजय कुमार व विक्रांत, अरुण तथा हर्ष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है, जांच-पड़ताल के बाद वैधानिक कार्रवाई की जायेगी।