मसूरी। खेत में काम कर रहे दो भाइयों से गाली-गलौज करने और उसका विरोध करने पर दोनों पर फावड़े और दरांती से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में दोनों भाई गम्भीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित ने थाने में तहरीर दी है। नाहल के रहने वाले साजिद ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाए हैं कि शनिवार 28 फरवरी दोपहर करीब पौने 3 बजे वह और उसका भाई शाकिर अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान गांव का ही निवासी सदाकत वहां आया और बिना किसी बात के गाली-गलौज करने लगा। दोनों ने इसका विरोध किया, तो सदाकत ने अपने बेटों आबिश, मुशाहिद और जुबैर को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि इन सभी ने मिलकर साजिद और शाकिर पर फावड़े और दरांती से हमला कर दिया, शोर शराबा सुनकर आस-पास के खेतों में काम कर रहे अन्य किसान मदद के लिए आए। किसानों को आता देख हमलावर साजिद और शाकिर को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग। एसीपी मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि तहरीर के आधार पर सदाकत व उसके बेटों आबिश व मुशाहिद तथा जुबैर खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घायलों का उपचार व मेडिकल परीक्षण कराया गया है।