कौशांबी। निजी अस्पताल में काम कर रही युवती से नाम बदलकर निकाह करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी के भाई परवेज को गिरफ्तार किया है। पीड़िता ने पति समेत ससुराल के अन्य लोगों पर गर्भपात और अन्य मामले में मुकदमा दर्ज कराया था। शनिवार को पुलिस ने आरोपी से पूछताछ भी की। टीम मुख्य आरोपी की तलाश कर रही है।
इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि परवेज पुत्र सलीम खान निवासी लालकुआं चुंगी नंबर-2 नई दिल्ली को गिरफ्तार किया है। वह अधिवक्ता हैं। आरोपी मामले के बारे में जानकारी करने थाने पहुंचा था, जबकि महिला ने पति उस्मान समेत ससुराल के अन्य लाेगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में मुख्य आरोपी फरार है। उसका फोन भी बंद आ रहा है। उनका कहना है कि आरोपी उस्मान को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। बता दें कि महिला ने पुलिस को शिकायत दी कि 2006 में हरियाणा मेवात के उस्मान ने आयुष्मान नाम बताकर जान-पहचान की थी। वह बंगलूरू की एक फर्म में एसोसिएट प्रोजेक्ट मैनेजर है। 2007 में उन्होंने आरोपी से शादी का प्रस्ताव ठुकरा दिया। 15 अप्रैल 2014 को उसने आयुष्मान रखकर हिंदू रीति रिवाज से शादी की। उसमें आरोपी का परिवार मौजूद नहीं था। वह उन्हें घर की बजाय होटल ले गया। आरोप है कि 17 अप्रैल को उस्मान ने एक धार्मिक स्थल पर परिवार के सामने उर्दू पेपर पर हस्ताक्षर करवाकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया। बाद में परिजनों ने नमाज और कुरान पढ़ने व रोजा रखने के लिए मजबूर किया। 2019 में आरोपी के तलाक देने के बाद उन्होंने कौशांबी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।