बुलंदशहर। नगर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक विवाहिता के साथ उसके देवर ने दुष्कर्म की कोशिश की। साथ ही पीड़िता का अतिरिक्त दहेज के लिए भी उत्पीड़न किया गया। पीड़िता ने पति, देवर समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। नगर के एक मोहल्ला निवासी पीड़िता विवाहिता के अनुसार उसकी शादी दिसंबर 2018 में अलीगढ़ क्षेत्र निवासी एक युवक से हुई थी। पीड़िता के अनुसार शादी में उसके परिजनों ने पर्याप्त दान-दहेज दिया था, लेकिन ससुरालीजन अतिरिक्त दहेज में एक लाख रुपये और बाइक की मांग करने लगे। उसको तरह-तरह से प्रताड़ित किया जाने लगा। आरोप है कि जनवरी माह में देवर ने उसे घर में अकेला देखकर दुष्कर्म की कोशिश की और विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई। उसने ससुरालीजनों से शिकायत की तो उस पर ही आरोप लगाते हुए मारपीट कर ससुराल से निकाल दिया गया। पीड़िता ने मामले में पति, देवर समेत पांच ससुरालीजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।