मोदीनगर। निवाड़ी कस्बा मार्ग स्थित पीएनबी बैंक के सामने रविवार रात तेजरफ्तार बाइक ने चचेरे भाई बहन पार्थ(5) और प्रियांशी(4) को टक्कर मार दी। हादसे में चचेरे भाई की मौत हो गई, जबकि बहन की हालत गंभीर है। वहीं लोगों ने मोदीनगर निवाड़ी मार्ग पर पेट्रोल पंप से लेकर नहर तक स्पीड ब्रेकर लगवाने की मांग की है।
निवाड़ी कस्बा निवासी पंकज कुमार ऑटो चलाकर घर का खर्च चलाते है, बेटा पार्थ पहली कक्षा में पढ़ता है, पार्थ अपनी चचेरी बहन प्रियांशी पुत्री अनिल कुमार के साथ खेलता हुए निवाड़ी मार्ग कस्बा निवाड़ी स्थित पीएनबी बैंक के सामने पहुंच गये। इसी बीच मोदीनगर की तरफ आ रही तेज रफ्तार बाइक ने अन्य वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में पार्थ व प्रियांशी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चचेरे भाई बहन दूर जाकर गिरे। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, परिजन दोनों को लेकर मोदीनगर के अस्पताल में पहुंचे। गंभीर हालत होने पर पार्थ को मेरठ रेफर किया, देर रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। निवाड़ी कस्बा के लोगों ने नगर पंचायत निवाड़ी व लोक निर्माण विभाग से मोदीनगर निवाड़ी मार्ग पर पेट्रोल पंप से लेकर नहर पुल तक स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है।
-