गाजियाबाद। राजनगर स्थित एक क्लब में मोबाइल लेकर गए युवक को बाउंसरों ने जमकर पीटा। आरोप है कि बाउंसरों ने युवक की चेन व जेब में रखे 30 हजार रुपये भी लूट लिए। मामले में पीड़ित ने कविनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शालीमार गार्डन निवासी सूरज सिंह का कहना है कि वह रविवार को दुबई माल घूमने के लिए गए थे। इस दौरान एक हुक्का बार में तेज गानों की आवाज आ रही थी। उसने अंदर जाने का प्रयास किया तो बाहर खड़े बाउंसरों ने रोक लिया और टोकन लेने के लिए कहा। उसने एक हजार रुपये का टोकन खरीदा। अंदर गए तो एक बाउंसर ने जेब में रखा मोबाइल फोन देख उसे जमा कराने के लिए कहा। मोबाइल फोन जमा करने से मना कर दिया और क्लब से बाहर आकर पैसे वापस मांगे। इस पर बाउंसरों ने उसकी पिटाई कर गला दबा दिया और 30 हजार रुपये व चेन लूट ली। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही हैै।