कोरोना सैंपल बूथ पर कोरोना की सैंपलिंग न होने से परेशान हुए लोग - शिफ्ट करते समय टूट गया था शीशा - सीएमओ ने कहा बृहस्पतिवार से समय पर शुरू हो जाएगी सैंपलिंग माई सिटी रिपोर्टर गाजियाबाद। कोरोना सैंपलिंग के लिए बनाए गए बूथ का शीशा टूटने से बुधवार को सैंपलिंग नहीं हो सकी। इसके चलते कोरोना की जांच कराने वालों को इधर से उधर भटकना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बूथ को सही करा दिया गाय है। बृहस्पतिवार से बूथ पर फिर सैंपलिंग शुरू करा दी जाएगी। संजय नगर स्थित संयुक्त अस्पताल में कोविड लेवल-2 अस्पताल सक्रिय होने से सैंपलिंग कराने के दौरान संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ गई थी। इसके चलते वहां पर सैंपलिंग बंद कर दी गई थी। बूथ को मंगलवार को संजय नगर संयुक्त अस्पताल से मेरठ रोड स्थित जनहित इंस्टीट्यूट में ले जाया गया, वहां पर शिफ्ट करने के बाद बीस संदिग्धों के सैंपल भी लिए गए थे। इसके बाद सीएमओ ने निरीक्षण के बाद कहा कि यहां तक मरीजों को पहुंचने में परेशानी होगी। इसलिए बूथ को आईएमएस डासना में शिफ्ट कर दिया गया। जनहित से आईएमएस ले जाते समय बूथ का एक तरफ का शीशा टूट गया था। इससे सैंपल लेने के दौरान टेक्नीशियन को इंफेक्शन का खतरा हो सकता था, इसलिए बूथ पर सैंपलिंग नहीं की गई। बुधवार शाम तक टूटा हुआ शीशा बदलकर दोबारा तैयार किया गया। सीएमओ डा. एनके गुप्ता का कहना है कि बूथ की टूट-फूट सही करा दिया गया है, अब इस पर सामान्य तरीके से बृहस्पतिवार से सैंपलिंग कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि गर्भवती महिलाओं, कैंसर, डायबिटीज और सांस से संबंधित मरीजों का सैंपल लेने के बाद घर भेज दिया जाएगा, जबकि अन्य लोगों के सैंपल लेने के बाद उन्हें आईएमएस में ही क्वारेंटीन कर दिया जाएगा। अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो उन्हें अस्पतालों में भर्ती कर दिया जाएगा, जबकि निगेटिव आने पर उन्हें छोड़ दिया जाएगा। --------------- आशुतोष यादव