साहिबाबाद। मोहननगर के कृष्णा इंजीनियरिंग कॉलेज में दो दिवसीय लोकसभा प्रशिक्षण वर्ग में मंगलवार को भाजपा के दिग्गजों और आईटी विशेषज्ञ ने नौ राज्यों के 120 लोकसभा विस्तारकों को जीत का मंत्र दिया। सभी विस्तारक आने वाले दिनों में पन्ना प्रमुख, बूथ अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और संगठन के पदाधिकारियों से वार्ता कर खोई हुई सियासी जमीन को जीतने का काम करेंगे।
भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग में दूसरे दिन उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, लद्दाख, दिल्ली, उत्तराखंड के लोस विस्तारकों को संगठन के महामंत्री धर्मपाल ने बूथ प्रबंधन पर मंत्र बताया। उन्होंने अपने अनुभवों को साझा किया और कुछ कमियों को दूर उसे निखारते हुए नए वोट पार्टी से जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि बूथ और मंडल अध्यक्ष अपनी-अपनी काॅलोनियों में जाकर लोगों के बीच केंद्र की योजनाओं को बताकर उन्हें वोट का महत्व समझाएंगे। दूसरा यह कि जिन कालोनियों में लोग पिछले चुनाव में वोट नहीं डाल पाए थे या उनका वोट कट गया था। उन सभी को चिन्हित कर मतदान बूथ तक पहुंचाने का काम किया जाएगा। सबसे खास दूसरे सत्र में चंडीगढ़ के आईटी विशेषज्ञ एसपी निराला ने सभी विस्तारकों को लोकसभा क्षेत्र की गतिविधियों को देखने और परखने के लिए सरल एप, नमो जैसे डिजीटल प्लेटफार्म से जोड़ा। जिन विस्तारकों के फोन में संगठन और पार्टी के एप नहीं थे। उन्हें डाउनलोड कराकर लोस चुनाव जीतने का संकल्प दिलाया।
आखिरी तीसरे सत्र में पूर्व उप-मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा ने गोपनीय रिपोर्ट को संगठन तक पहुंचाने के बारे में बताया। लोकसभा क्षेत्र की सभी गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ पार्टी का वोट बैंक भी बनाए रखने की बात कही। उन्होंने लोकसभा क्षेत्र में 18 वर्ष पूर्ण कर चुके युवक-युवतियों की वोट बनवाने के लिए पांच नवंबर तक अभियान चलने की जानकारी दी। पदाधिकारियों को कहा कि कालोनी के युवक-युवतियों के फार्म भरवाने के बाद एक पत्र शासन-प्रशासन के नाम लिखते हुए अधिकारियों को जमा करा दें।
हर सीट पर तय किए विस्तारक :
भाजपा ने हर लोकसभा सीट पर विस्तारक तैनात करने की रणनीति बनाई है। संगठन का दावा है ज्यादातर सीटों पर विस्तारक तय हो गए हैं। अब इन विस्तारकों को प्रशिक्षण देकर मैदान में उतार दिया है। सभी विस्तारक क्षेत्र में जाकर कार्यकर्ताओं को अपनी सीट फतह करने की तैयारी कराएंगे।
सुनील बंसल की रहेगी नजर
विस्तारकों की केंद्रीय टीम में 10 लोग शामिल किए गए हैं, जिसके संयोजक यूपी के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा बनाए गए हैं जबकि सह संयोजक बिहार के संगठन महामंत्री भीखू भाई दलसानिया और दिल्ली के बीजेपी नेता राजकुमार शर्मा को बनाया गया है। बीजेपी के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल केंद्रीय स्तर पर इस टीम के कार्यों की निगरानी करेंगे।