गाजियाबाद। मसूरी थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात बाइक सवार को महिंद्रा पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पिकअप कब्जे में ले लिया है। एसीपी मसूरी लिपी नगायच ने बताया कि मंगलवार की देर रात शाहरुख (24) निवासी ग्राम बक्सर सिंभावली जनपद हापुड़ अपनी नाई की दुकान कविनगर से बंद कर अपने घर लौट रहा था। होटल पार्थ इन के नजदीक महिंद्रा पिकअप ने शाहरुख की बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में घायल शाहरुख को सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है, तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद