मोदीनगर। हापुड़ मार्ग स्थित गांव पट्टी के समीप सोमवार रात अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। गांव भोजपुर निवासी वरुण कुमार (28) नोएडा स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में काम करते थे। बताया कि सोमवार रात वह बाइक से ड्यूटी कर घर लौट रहे थे। जैसे ही वरुण हापुड़ मार्ग स्थित गांव पट्टी के समीप पहुंचे तभी अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई और वरुण गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने वरुण को उपचार के लिए मोदीनगर स्थित एक अस्पताल में भिजवाया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। कार्यवाहक एसीपी मोदीनगर ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।