गाजियाबाद। गोविंदपुरम पुलिस चौकी के सामने बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे बाइक सवार पति-पत्नी व उनके बच्चे को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में तीनों उछलकर सड़क पर गिर गए और ट्रक ने बाइक पर पीछे बैठीं निक्की (34) को कुचल दिया। निक्की की मौके पर मौत हो गई जबकि उनके पति यतेंद्र (42) और बेटा कृष्ण (10) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने बताया कि जांच में सामने आया यतेंद्र मधुबन बापूधाम क्षेत्र में कांशीराम आवासीय कॉलोनी में रहते हैं। बृहस्पतिवार सुबह वह पत्नी निक्की और बेटे कृष्ण के साथ बाइक से शहर की ओर जा रहे थे। जैसे ही गोविंदपुरम चौकी के सामने पहुंचे तो पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से ट्रक लेकर भाग गया। एसीपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि दोनों घायलों का उपचार चल रहा है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। ट्रक चालक की तलाश के लिए टीमें लगी हैं। यातायात पुलिस की जांच में तेजी व लापरवाही से ट्रक चलाकर बाइक में पीछे से टक्कर मारने की बात सामने आई है।