गाजियाबाद। वाराणसी पुलिस ने नंदग्राम थाना क्षेत्र की चार्म कैसल सोसायटी से बृहस्पतिवार रात भोजपुरी सिंगर समर सिंह को गिरफ्तार किया है। वह भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की आत्महत्या के मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को सीजेएम कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर भेजा गया है।
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में वाराणसी गई थीं। वह सारनाथ होटल में रुकी थीं। 26 मार्च को उनका शव होटल के कमरे मेंं फंदे पर लटका मिला था। मृतका की मां ने सिंगर व प्रोड्यूसर समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोपियों पर ब्लैकमेल करने और आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया था। वाराणसी पुलिस तभी से समर सिंह की तलाश में थी।
13वीं मंजिल से किया गिरफ्तार :
वाराणसी पुलिस देर रात नंदग्राम थाने पहुंची। उन्होंने सिंगर के चार्म्स कैसल सोसायटी की 13वीं मंजिल पर अपने एक रिश्तेेदार के फ्लैट में छुपे होने की जानकारी स्थानीय पुलिस को दी। वाराणसी और गाजियाबाद पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारकर उसे हिरासत में ले लिया।
मीडिया को नहीं दिया बयान :
पुलिस आरोपी को नंदग्राम थाने लेकर पहुंची। जहां मीडिया कर्मियों ने अभिनेत्री से संबंध, घटना और आरोपोंं के बारे में सवाल पूछे लेकिन, समर सिंह ने कोई मीडिया को कोई जवाब नहीं दिया। वह अंगोछे में मुंह छुपाए जीप में बैठकर चला गया।
मेडिकल के बाद कोर्ट भेजा :
पुलिस ने आरोपी भोजपुरी सिंगर का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया, जिसके बाद सीजेएम कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे 24 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया। पुलिस उसे लेकर वाराणसी रवाना हो गई।