साहिबाबाद। वसुंधरा सेक्टर-8, सौर ऊर्जा मार्ग सहित साहिबाबाद रैपिडएक्स स्टेशन को संवारने का काम तेजी से हो रहा है। कर्मचारी और अधिकारी देर रात तक लगे रहे। प्रधानमंत्री सभा स्थल के लिए कूड़े के मैदान को समतल कर दिया गया।
नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, ऊर्जा निगम के कर्मचारी मंगलवार को दिनभर सड़कों को संवारने में लगे रहे। वसुंधरा जोनल प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री सभा स्थल के पास सड़क किनारे इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के साथ, सड़क को दुरुस्त किया गया है। पेड़ों पर पानी के छिड़काव के साथ रैपिड स्टेशन के पास ग्रीन बेल्ट में कटीले तार लगाए गए। सौर ऊर्जा मार्ग के डिवाइडर पर लगे पेड़-पौधों की छटाई कराई गई। सभा स्थल को सजाने के लिए गमले लगाए जा रहे हैं। ऊर्जा निगम ने विद्युत पोल की रंगाई के साथ खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को ठीक कराया। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने साहिबाबाद रैपिड रेलवे स्टेशन के पास जल निगम द्वारा सड़क किनारे डाली गई पाइपलाइन के गड्ढों को भरकर कंक्रीट वाली सड़क बनाने का काम किया। नगर निगम ने वसुंधरा सेक्टर आठ की आवास विकास की खाली पड़ी जमीन से झुग्गियों को हटाया।