साहिबाबाद। शालीमार गार्डन मेन के बी ब्लॉक की रहने वाली नगीना ने अपने पति शराफत के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पति पर घरेलू हिंसा करने और बेटी को घर से निकालने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। दर्ज मामले में नगीना ने बताया कि उनके पति शराफत घरेलू हिंसा करते हैं। आरोप है कि 23 अप्रैल को उनके पति ने उन्हें बेल्टों से बुरी तरह पीटा था। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए तलाक देने की धमकी दे डाली। यहां तक कि छोटी बेटी को भी घर से निकाल दिया। इसके बाद से आरोपी लगातार तलाक की धमकी दे रहा है। उत्पीड़न बढ़ने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है, जल्द गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।