-प्रत्येक सोमवार को साहिबाबाद सब्जी मंडी बंद रहेगी, समिति ने लिया था फैसला
माई सिटी रिपोर्टर
साहिबाबाद। नवीन फल एवं सब्जी मंडी के सोमवार को साप्ताहिक अवकाश की जानकारी ना होने पर जनपद के तमाम व्यापारी और आढ़ती साहिबाबाद मंडी पहुंच गए। वहां काफी देर तक गेट ना खुलने के बाद समिति के लोगों ने उन्हें साप्ताहिक बंदी के बारे में बताया। उधर, मंडी में वेयरहाउस के लोगों के आने-जाने की मंजूरी दी गई। इस बीच मंडी परिसर में समिति की तरफ से सैनिटाइजेशन और सफाई अभियान चला।
मंडी समिति के सचिव विश्वेंद्र कुमार ने बताया कि तड़के में कुछ व्यापारी और लोग फल व सब्जी खरीदने के लिए आ गए थे। उन्होंने मंडी आने की कोशिश की थी। लेकिन समिति के अधिकारियों ने उन्हें समझा-बुझा दिया। इसके बाद मंडी में वेयरहाउस में काम करने वाले लोगों को आने-जाने की मंजूरी दी गई है। वहीं, कुछ व्यापारियों को अपना सामान सुरक्षित रखने के लिए आने दिया गया। इसके बाद मंडी को खाली कराकर पूरे परिसर में सैनिटाइजेशन व सफाई कराई गई। करीब दो-तीन घंटे बाद सचिव ने मंडी का दौरा भी किया। --------------------- सुमित कुमार