\n\nविजयपार्क के लोगों को तीन दिन से नहीं मिल रहा पानी\n\n- पानी न आने से परेशान हैं लोग, एक दिन में खरीदना पड़ रहा पांच से सात बोतल पानी\n\nमाई सिटी रिपोर्टर\n\nसाहिबाबाद। शालीमार गार्डन में पानी की समस्या लगातार बनी हुई है। विजय पार्क आवासीय सोसाइटी, शालीमार गार्डन मेन ए ब्लॉक में लोग पिछले तीन दिन से पानी न आने से काफी परेशान हैं। पानी न मिलने से लगातार लोगों को बोतल बंद पानी पर निर्भर होना पड़ रहा है।\n\nस्थानीय लोगों की शिकायत है कि निगम की तरफ से तीन-चार दिन पानी सप्लाई किया जाता है वहीं फिर बीच में कुछ ना कुछ समस्या से 2 से 3 दिन पानी नहीं आ पाता। शालीमार गार्डन मैन में पानी का प्रेशर बिल्ड करने के लिए सी ब्लॉक टंकी भी चलाई जाती है जिससे पानी ऊपरी मंजिल तक पहुंच सके। पिछले 3 दिन से उस टंकी में ही प्रॉब्लम है, जिसकी वजह से विजयपार्क के लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। पानी आता भी है तो 10 से 15 मिनट के लिए आता है, उसमें भी प्रेशर से न आने की वजह से लोगों को पानी आपूर्ति की समस्या बनी हुई है। स्थानीय निवासी नरेंद्र का कहना है कि पानी की आपूर्ति न होने की वजह से एक दिन में पांच से सात बोतल तक पानी खरीदना पड़ रहा है। इसकी वजह से अतिरिक्त खर्च का बोझ़ पड़ रहा है। शालीमार गार्डन में लगातार पानी की समस्या से स्थानीय लोग काफी परेशान हैं और नगर निगम से इसका स्थायी हल निकालने की अपील कई बार कर चुके हैं।\n\n-----------------\n\n\n