साहिबाबाद। आवास विकास परिषद का बकाया न लौटाने पर अब विभाग ने अपने 53 डिफॉल्टरों के खिलाफ आरसी जारी की है। सभी पर करीब 480 करोड़ का बकाया है, जो लंबे समय से जमा नहीं कर रहे हैं। आवास विकास के अधिकारियों का कहना है कि आरसी जारी होने के बाद अब तहसील स्तर से नोटिस, कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।
आवास विकास परिषद के संपत्ति प्रबंधक नृपेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि कुल 53 बकायेदारों को विभाग ने डिफॉल्टर घोषित किया है। इन पर करीब दस वर्ष से भी अधिक से बकाया चल रहा है। बार-बार नोटिस जारी करने के बावजूद यह विभाग का बकाया नहीं लौटा रहे। इससे विभाग को आर्थिक क्षति हो रही है। ऐसे में अपर आवास आयुक्त एवं जिला प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक कर सभी के खिलाफ आरसी जारी की है। 17 जो बड़े बकायेदार हैं इन पर 50 से 100 करोड़ रुपये तक का बकाया है। वहीं अन्य 36 बकायेदारों में अधिकतर ईडब्ल्यूएस फ्लैट खरीदार हैं। इनमें से किसी पर एक लाख तो किसी पर पांच लाख तक का बकाया है। अपर आवास आयुक्त अजय कुमार अम्बष्ट ने बताया कि आरसी जारी होने के बाद सभी बकायेदारों की सूची एडीएम फाइनेंस को सौंप दी गई है। अब जो भी कार्रवाई होनी है, जिला प्रशासन के स्तर से ही होनी है। जिला प्रशासन तहसील के द्वारा नोटिस भेजने के बाद कुर्की व आगे की कार्रवाई करेगा।
-
दिवाली बाद होगी कार्रवाई :
अपर आवास आयुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि बकायेदारों से पहले वसूली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वसूली न होने पर दिवाली बाद सभी बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि जून माह में भी सभी बकायेदारों को नोटिस जारी कर उनके पानी एवं बिजली कनेक्शन काटे गए थे। इसके बाद बकायेदारों ने पैसा अदायगी के लिए बैठक कर अधिकारियों से तीन माह का समय मांगा था। तीन माह बीत जाने के बाद भी जब बकाया वापस नहीं किया तो अब विभाग ने कार्रवाई शुरू की है।
यह हैं बड़े डिफॉल्टर :
मैसर्स एलबी इलेक्ट्रानिक्स, मैसर्स बी.एक्स. एल.रियलटर्स प्रा.लि., मैसर्स उत्तरांचल बिल्डकॉन प्रा. लि., नदीम खान, मैसर्स फयूटेक सेल्टर प्रा. लि., मैसर्स जेएनसी कन्सट्रक्शन प्रा.लि., मैसर्स टी.जी.बी.रियलटी प्रा.लि., मैसर्स गार्डेनिया इंडिया लि., रमेश कुमार प्रसाद एवं मैसर्स केएसएन, बिल्डवेल प्रा. लि.,सुनेजा पब्लिक स्कूल, नेचर क्योर एंड योगा ट्रस्ट, रामपाल जुनिया एवं नंदनी बिल्कॉम प्रा. लि., आ.आर.एम. सर्विसेज, मैसर्स एसकेजी होम्स प्रा. लि.,अजपा परिषद सहकारी आवास समिति प्रा. लि.