गाजियाबाद। विजयनगर क्षेत्र में राजमिस्त्री विरेंद्र की स्कूटी में ऑटो पीछे करते समय लगी टक्कर के बाद हुए विवाद में ऑटो चालक ने पहले उनकी पिटाई की फिर अपने साथी के साथ अपहरण कर उनको ऑटो में डालकर घर ले गया। घर पर आरोपियों ने बंधक बनाकर बेरहमी से उनकी पिटाई की। आरोपियों ने उनसे जबरन 23 हजार रुपये भी अपने खाते में ट्रांसफर कराया। घटना 19 अगस्त की दोपहर की है।
क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र के भीमनगर निवासी विरेंद्र ने बताया कि वह पत्नी की दवा लेने गए थे। विजयनगर में जब वह खड़े थे तभी एक ऑटो चालक तेज रफ्तार में ऑटो पीछे ले आया, जिससे उनकी स्कूटी में टक्कर लग गई और वह सड़क पर गिर गए। गिरने से उनके हाथ की हड्डी भी टूट गई। उन्होंने विरोध किया तो ऑटो चालक ने गाली-गलौज कर धमकी देते हुए उनकी पिटाई की।
बाद में आरोपी ने फोनकर अपने एक साथी को बुला लिया और जबरन ऑटो में बैठाकर उनको अपने घर ले गया, जहां सभी ने बंधक बनाकर उसकी पिटाई की। पिटाई करने के बाद आरोपी रुपये की मांग करने लगे। उन्होंने रुपये नहीं होने की बात कही तो मारने की धमकी दी। फिर उन्होंने अपने दोस्तों को कॉल कर रुपये मंगवाए। आरोपियों ने कॉल करने के दौरान किसी को कुछ बताने पर मारने की धमकी भी दी।
डर से उन्होंने किसी को कुछ नहीं बताया। आरोपियों ने उनसे 23 हजार रुपये ले लिए। इसके बाद एक ई-रिक्शा चालक को बुलाकर उन्हें स्कूटी के पास छोड़ने के कहा। रास्ते में ई-रिक्शा चालक से उन्होंने थाने ले जाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया और स्कूटी के पास छोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने थाने जाकर पुलिस को सूचना दी। एसीपी कोतवाली रितेश त्रिपाठी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। आरोपी जावेद को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्यों की तलाश की जा रही है।