लोनी। मलिक सिटी काॅलोनी में मकान पर अवैध कब्जे के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपियों हथियारों से लैस होकर घर में घुसकर सामान की तोड़फोड़ की और किरायेदार और उनकी पत्नी से मारपीट की गई। आरोप है कि घरेलू सामान भी उठाकर ले गए। मकान मालिक की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। नई दिल्ली निवासी मोहम्मद साऊद ने शिकायत में बताया कि लोनी थानाक्षेत्र के मलिक सिटी में 60 वर्गगज का मकान वर्ष 2015 में रजिस्ट्री से खरीदा था। मकान को करीब छह-सात साल से फैय्याज को किराये पर दे रखा है। 17 मई की सुबह हाजी गुलजार कौशर, जुनेद, ओवेश और उनके अज्ञात साथी हथियार लेकर मकान में घुस गए। आरोप है कि उन्होंने किरायेदार और उनकी पत्नी से मारपीट व अभद्रता की। इसके बाद फर्नीचर, वाशिंग मशीन, कूलर, गैस सिलेंडर, दो फ्रिज, अलमारी और तीन संदूक समेत अन्य सामान में तोड़फोड़ की और कुछ सामान उठाकर ले गए। मोहम्मद साऊद के मुताबिक घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को पकड़कर थाने ले गई। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है और सीसीटीवी व अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।