मोदीनगर। एक गांव में घर के बाहर खेल रही छह वर्षीय बच्ची को 40 वर्षीय व्यक्ति ने खिलौना देने के बहाने अपने घर ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास किया। मौके पर पहुंचे अन्य बच्चों ने शोर मचाया दिया। इसके बाद आरोपी बच्ची को वहीं छोड़कर भाग गया। उक्त गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी छह वर्षीय पुत्री बृहस्पतिवार शाम मोहल्ले के अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी बीच पड़ोसी वहां पहुंचा और उसने अन्य बच्चों को वहां से भगा दिया व छोटी बच्ची को खिलौना देने के बहाने अपने घर ले गया। आरोपी ने वहां बच्ची से अश्लील हरकत करते हुए छेड़छाड़ की। बच्ची चिल्लाई तो आरोपी ने उसकी पिटाई कर शांत करा दिया तभी अन्य बच्चे भी खेलते हुए उधर पहुंच गए। बच्चों ने आरोपी को देखकर शोर मचा दिया। शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ को आता देख आरोपी वहां से भाग गया। बच्ची ने रोते हुए परिजनों को आपबीती सुनाई। एसीपी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी राजू को गिरफ्तार कर लिया गया है।