साहिबाबाद। औद्योगिक क्षेत्र साइट-चार में ग्लैस्पी जीडीए स्टील कम्पाउंड का ताला तोड़कर चोरों ने पीतल की टोंटी और अन्य सामान चोरी कर लिया। सुबह फैक्टरी पहुंचने पर स्टाफ और मालिक को चोरी का पता चला। लिंक रोड पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज कर एक चोर को गिरफ्तार कर माल बरामद कर लिया। दिल्ली आनंद विहार में रहने वाले कार्तिक सौबती की पीतल की टोंटी बनाने की फैक्टरी है। उन्होंने बताया कि रात एक बजे चोरों ने ताला तोड़कर टोंटी और अन्य सामान चोरी कर लिया। सुरक्षा गार्ड को चोरों की भनक नहीं लगी। सुबह ऑफिस में देखा तो सामान बिखरा हुआ था और काफी सामान गायब था। चोरों ने सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया हुआ था। पुलिस को चोरी की सूचना दी। पुलिस ने डीवीआर कब्जे में लेकर चोर की पहचान कर उसकी तलाश की। एसीपी साहिबाबाद भास्कर वर्मा ने बताया कि फैसल निवासी झंडापुर लिंक रोड को कड़कड़ पार्क के पास से गिरफ्तार किया है। उसके पास से 80 टोंटी पीली धातु की और 63 एंगल बॉल बरामद की है। उसके साथी की तलाश कर रहे हैं।