कॉलेज के छात्रों द्वारा अज्ञात युवक को पीटने की वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट।
साहिबाबाद। अर्थला में सोमवार दोपहर आईटीएस कॉलेज के छात्रों के दो गुटों में मारपीट हो गई। एक छात्र को सड़क पर गिरा-गिराकर पीटने का वीडियो वायरल हो गया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर चार छात्रों की पहचान कर उन्हें पकड़ लिया।जांच में सामने आया कि छात्रों ने एक साथ एक ठेके की कैंटीन में बैठकर पार्टी की थी। एक छात्र का बैग बदलने से तीन-चार छात्र भड़क गए और कहासुनी के बाद दूसरे छात्र पर हमला कर दिया।
वायरल वीडियो करीब 13 सेकंड का है। इसमें जींस और नीले रंग की शर्ट पहना युवक सड़क पर पड़ा है। उसके ऊपर आइटीएस कॉलेज की ड्रेस पहने छात्र खड़ा था। वीडियो में कॉलेज के ही अन्य तीन-चार छात्र सड़क पर गिरे युवक को उठाकर पीटते नजर आ रहे हैं। डीसीपी ट्रांस हिंडन जोन विवेक चंद्र का कहना है कि चार छात्रों पर शांति भंग में चालान की कार्रवाई की गई है। कॉलेज के यूजी डायरेक्टर सुनील पांडेय ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है।