लोनी। अशोक विहार कॉलोनी में एडवांस में दिए गए 30 हजार रुपये वापस मांगने पर विवाद हो गया। आरोप है कि मजदूर ने अपने बेटों और अन्य लोगों के साथ मिलकर युवक के घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में पीड़ित के माता-पिता घायल हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद समेत अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। कॉलोनी निवासी गुफरान ने पुलिस को बताया कि उन्होंने अनीश को घर के निर्माण कार्य के लिए 30 हजार रुपये एडवांस दिए थे। आरोप है कि अनीश काम पर नहीं आया और रुपये देने से भी इन्कार कर दिया। 16 अक्तूबर को अनीश अपने बेटों आतिब, समीर, जाबिर और अन्य लोगों के साथ उनके घर पहुंचा और मारपीट की। इसमें उनकी मां रईसा और पिता जलालुद्दीन घायल हो गए। एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।