इंदिरापुरम। बाइक सवार दो बदमाशों ने इंदिरापुरम की एक्सप्रेस गार्डन सोसायटी के गेट पर खड़े युवक को थप्पड़ मारकर उससे मोबाइल लूट लिया। पीड़ित युवक की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
एक्सप्रेस गार्डन सोसायटी ब्लॉक-4 में अलख शर्मा परिवार के साथ रहते हैं। उन्होंने बताया कि वह किसी काम से अपनी सोसायटी से बाहर जा रहे थे। वह सोसायटी के गेट पर पहुंचे, तभी बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आकर रुके। बाइक के पीछे बैठे आरोपी ने अचानक उन्हें चांटा मार दिया। चांटा लगने से वो बेसुध हो गए। तभी दूसरे बदमाश ने उनसे फोन छीन लिया। फोन छीनने ही बाइक सवार भागने लगे। उन्होंने शोर मचाया तो कुछ लोग बदमाशों का पीछा करने लगे लेकिन, बदमाश भागने में सफल रहे। एसीपी इंदिरापुरम स्वतंत्र सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द बदमाशों को गिरफ्तार किया जाएगा।