गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद अब कंगना रनौत रोड शो के लिए गाजियाबाद आएंगी। रोड शो के लिए 22 अप्रैल की तारीख तय कर दी गई है, लेकिन जगह का चयन नहीं किया गया है। भाजपा की जिला इकाई के पदाधिकारी रोड शो की जगह और रूट फाइनल करने में जुट गए हैं।
प्रधानमंत्री छह अप्रैल को रोड शो के लिए गाजियाबाद आए थे। आंबेडकर रोड के मालीवाड़ा चौराहे से चौधरी मोड़ तक रोड शो के जरिये उन्होंने भाजपा के समर्थन में माहौल बनाया था। करीब डेढ़ किलोमीटर लंबे इस रोड शो में सड़क के दोनों ओर भारी भीड़ उमड़ी थी। भाजपा के लोकसभा क्षेत्र संयोजक अजय शर्मा ने बताया कि 22 अप्रैल को शाम चार से पांच बजे के बीच कंगना रनौत के रोड शो का कार्यक्रम फाइनल हो गया है। जिस जगह पहले रोड शो हो चुका है अब वहां पर इसका आयोजन नहीं होगा। तीन-चार अन्य जगह पर चर्चा चल रही है। अगले एक-दो दिन में जगह फाइनल कर तैयारियों को अंजाम दिया जाएगा। हालाकि, गाजियाबाद शहर में प्रधानमंत्री रोड शो कर चुके हैं। ऐसे में कंगना रनौत के रोड शो का कार्यक्रम ट्रांस हिंडन क्षेत्र में तय किया जा सकता है।