कौशांबी। दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग-9 के बाद बुधवार शाम से यूपी गेट-गाजीपुर की लेन भी खुल गई। लेन के खुल जाने से 39 दिन बाद मेरठ से वाया गाजियाबाद होकर दिल्ली जाने वाले लाखों वाहन चालकों को राहत मिली है। वहीं, बुधवार सुबह एनएच-9 से सीमेंटेड बैरियर हटाए गए। इस बीच यातायात संचालन धीमा रहा।
यूपी गेट-गाजीपुर बॉर्डर से दिल्ली जाने और आने वाली लेन 11 फरवरी से बंद थी। दिल्ली पुलिस ने वहां पर सीमेंटेड ब्लाॅक के साथ पक्की दीवार बनाई थी। मंगलवार से इस अवरोध को हटाने का काम शुरू किया गया। सबसे पहले दिल्ली पुलिस ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे और राष्ट्रीय राजमार्ग-9 से बैरिकेड हटाकर लाखों वाहन चालकों को राहत दी। बुधवार सुबह से पुलिस ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से सड़क किनारे रखे सीमेंट बैरियर और कंटेनर हटाए। वहीं, शाम करीब छह बजे तक यूपी गेट, गाजीपुर बॉर्डर से सीमेंटेड बैरिकेड का मलबा व कच्चे रास्तों पर गड्ढों को भरने का काम चलता रहा। हालांकि, यूपी गेट से दिल्ली जाने वाले रास्ते पर एक तरफ दिल्ली पुलिस के वाहन खड़े रहे जिनका इस्तेमाल रास्ता रोकने में किया गया था। इसके साथ ही फुटपाथ से भी पक्के अवरोध को हटाने का काम चलता रहा। उधर, दिल्ली से कौशांबी आने वाले रास्तों से भी अवरोध हटा दिए गए। इस तरह दोनों तरफ की लेन खुलने से मेरठ, हापुड़, गढ़मुक्तेश्वर, बुलंदशहर, सिकंदराबाद और गाजियाबाद के लाखों लोगों के लिए दिल्ली की दूरी घट गई। इस बीच ट्रांस हिंडन जोन के वैशाली-वसुंधरा और कौशांबी व अन्य इलाकों के लोगों को भी परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी।