मोदीनगर। कुछ लोगों ने आवारा कुत्ते की बेरहमी से पिटाई करने के बाद उसे मरा समझ बोरी में बंद कर जंगल में फेंक दिया।
इसके बाद मानवतावादी सोच वालों ने सांस चलती मिलने पर कुत्ते का उपचार पहले मोदीनगर के स्थानीय चिकित्सक से कराया और फिर बाद में उसे उपचार के लिए गुरुग्राम भेजा, जहां उपचार के दौरान कुत्ते की मौत हो गई। ब्रह्मपुरी कॉलोनी निवासी रिंकू, राहुल, आयूष और गणेश आदि सहित अन्य युवकों ने बृहस्पतिवार को मोदीनगर थाने में कुत्ते की पिटाई करने वाले आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दी। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कार्यवाहक एसीपी मोदीनगर श्वेता यादव ने बताया कि आरोपियों की पहचान हो गई है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।