इंदिरापुरम। कोतवाली क्षेत्र के एलिवेटेड रोड पर मंगलवार रात 8:30 बजे कार की टक्कर से अधिवक्ता की गाड़ी पलट गई। दोनों चालकों को ज्यादा चोट नहीं लगी। इसके बाद एलिवेटेड रोड पर वाहनों का जाम लग गया। सूचना मिलने पर इंदिरापुरम पुलिस ने गाड़ियों को कब्जे में लेकर जांच की। पुलिस ने बताया कि मुरादनगर के रहने वाले अधिवक्ता शुभम गाजियाबाद सिविल कोर्ट में प्रैक्टिस करते हैं। मंगलवार शाम वह गाड़ी से राजनगर एक्सटेंशन होकर एलिवेटेड से यूपी गेट जा रहे थे। उनकी कार के पीछे इंदिरापुरम की कृष्णा विस्टा सोसायटी में रहने वाला छात्र आयुष्मान भी स्कोडा कार से यूपी गेट की तरफ जा रहे थे। एलिवेटेड रोड पर वसुंधरा चौकी क्षेत्र में कनावनी पुलिया से आगे पहुंचने पर चालक आयुष्मान ने शुभम की कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि शुभम की गाड़ी पलटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद एलिवेटेड रोड पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और यातायात को सामान्य कराया। इंदिरापुरम एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह का कहना है कि घटना में किसी को ज्यादा चोट नहीं लगी है। दोनों गाड़ियों को कब्जे में ले लिया है। शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।