गाजियाबाद। कविनगर क्षेत्र के एक स्कूल में पांच साल की बच्ची के साथ अश्लील हरकत किए जाने के मामले में पुलिस ने जांच रिपोर्ट तैयार की है। इसमें बताया गया है कि न तो स्कूल वैन में कैमरा लगा था और न ही बच्चों के साथ आया जाती थी। स्कूल प्रबंधन ने वैन चालक का पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया था। जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने स्कूल के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र लिखा है।
इस मामले में स्कूल वैन का चालक अरुण और दो आया गिरफ्तार की जा चुकी हैं। वैन चालक पर ही 26 सितंबर को बच्ची से अश्लील हरकत करने का आरोप है। आया ने इसकी जानकारी होते हुए भी किसी को जानकारी नहीं दी, इसके लिए उन पर कार्रवाई की गई। इसके बाद पुलिस ने विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार की।
इसमें बताया गया है कि स्कूल की ओर से वैन का कोई अनुबंध नहीं किया गया था। बच्चों के पिकअप प्वाइंट पर कैमरा नहीं लगा था। इन लापरवाही के आधार पर पुलिस ने तीन और लोगों के खिलाफ जांच शुरू की है। उनके खिलाफ साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
समझौते का दबाव बनाने का आरोप
इस मामले में अभिभावकों ने सोमवार को स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया। उनका कहना था कि पुलिस ने सिर्फ छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की है जबकि स्कूल के बड़े अधिकारियों की लापरवाही उजागर होने पर भी उन पर कोई एक्शन नहीं लिया गया है। उन्होंने स्कूल के प्रधानाचार्य और अन्य अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की। एसीपी कविनगर अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। जांच में अन्य जिसकी गलती सामने आएगी, उस पर कार्रवाई की जाएगी। लापरवाही बरतने के बिंदुओं पर रिपोर्ट प्रशासन को भेजी गई है।