मोदीनगर। राधे एनक्लेव कॉलोनी निवासी अमित कुमार ने पुलिस पर एक पक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाया है। उन्होंने अपने घर के बाहर ''मकान बिकाऊ'' के पोस्टर चस्पा कर इन्साफ न मिलने पर पलायन की चेतावनी दी है। बीते दस अक्तूबर को अमित कुमार और पड़ोसी शौदान सिंह के बीच मारपीट हुई थी। इस मारपीट में अमित और उनका परिवार घायल हो गया था। अमित का आरोप है कि पुलिस ने शौदान सिंह की तहरीर पर उनके परिवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। हालांकि, उनकी तरफ से दी गई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इस एक पक्षीय कार्रवाई से नाराज होकर अमित ने यह कदम उठाया है। एसीपी मोदीनगर सिद्धार्थ गौतम ने मामले की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।