लोनी। कोतवाली क्षेत्र की एक कॉलोनी में रहने वाली युवती के साथ शादी का झांसा से देकर दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दुष्कर्म के बाद शादी से इन्कार करने पर युवती ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ शिकायत की है। पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व बुआ की पुत्री के विवाह में सहारनपुर गई थी। जहां उसकी मुलाकात जनपद बागपत गांव केडवा निवासी विशाल से हुई थी। युवती ने बताया कि दोनों में बातचीत होने लगी। कुछ समय बाद युवक ने शादी करने की बात करते हुए परिजनों से मिलने के लिए आठ जून वर्ष 25 को दिल्ली सहारनपुर रोड स्थित एक होटल में बुलाया। जहां युवक ने कोल्डड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। इससे वह बेहोश हो गई। आरोप है कि युवक ने उसके बेहोश होने पर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया और वीडियो बना ली। करीब एक घंटे बाद होश में आने पर युवक ने वीडियो दिखाई। उसके बाद युवक ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया। युवती ने बताया कि जब वह युवक के घर विवाह की बात करने पहुंची तो उसके फुफेरे भाई दीपक ने धमकी देकर भगा दिया। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर तीन नामजद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।