लोनी। दिल्ली के खजूरी खास में रहने वाले व्यक्ति को संपत्ति दिलाने के नाम पर 9 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया हैं। पीड़ित ने डीएलएफ कालोनी में रहने वाले दंपती पर पैसे ठगने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने महिला समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। ताहिर हुसैन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब तीन साल पहले उन्होंने डीएलएफ निवासी राजो देवी व उनके पति हरजीत भाटी से लोनी की इनाम विहार कालोनी में हजार वर्ग गज भूमि खरीदने का एग्रीमेंट कर करीब नौ लाख रुपये बयाना दिया था। आरोप है कि कुछ दिन बाद पता चला कि दोनों ने उसी प्लाट को किसी और को भी बेच रखा है। अपने पैसे वापस मांगने पर उन्होंने जान से मारने की धमकी दी। एसीपी अंकुर विहार अजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर राजो देवी, हरजीत भाटी, नवनीत भाटी व सबदर अली के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।