कौशांबी। कौशांबी थाना पुलिस ने बुधवार को 5200 रुपये के विवाद में अपने ही दोस्तों की हत्या का प्रयास करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसने सोमवार रात को आनंद विहार के पास महाराजपुर बॉर्डर क्षेत्र में अपने ही दो दोस्तों को बोतल तोड़कर कांच से हमला कर दिया था। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी मोहम्मद जमीर मूलरूप से बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला है और वर्तमान में महाराजपुर में रहता है। जमीर पर 31 अगस्त 2026 को राजू और मंजूर नामक दो लोगों को कांच की बोतल से हमला कर घायल करने का आरोप है। पीड़ित राजू की पत्नी ने कौशांबी थाने में मामला दर्ज कराया था। मेडिकल रिपोर्ट और साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 118 (1) के साथ-साथ धारा 109(1) बीएनएस भी बढ़ाई गई। आरोपी जमीर को महाराजपुर से ही पकड़ा गया है। पूछताछ में जमीर ने बताया कि 31 अगस्त को आनंद विहार सीमा के पास राजू और मंजूर ने उसकी जेब से 5200 रुपये निकाल लिए थे। जब उसने रुपये वापस मांगे तो उन्होंने इन्कार कर दिया। गुस्से में आकर जमीर ने अपने बैग से कांच की बोतल हमला करके दोनों को घायल कर दिया था। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।