साहिबाबाद। दिल्ली और गाजियाबाद के अलग-अलग थानों में दर्ज 15 मुकदमों का आरोपी राजेंद्र नगर करन गेट के पास मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार रात शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने बदमाश फैसल उर्फ मेंटल के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार किया है। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसीपी शालीमार गार्डन सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस टीम राजेंद्र नगर सेक्टर 3 में चेकिंग कर रही थी। तभी एक बाइक पर आ रहे 2 संदिग्धों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवार भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो बाइक सवार ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग कर दी। पुलिस की गोली बाइक सवार फैसल उर्फ मेंटल निवासी शहीद नगर के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दिल्ली से चोरी की बाइक, तमंचा और कारतूस बरामद किया। एसीपी ने बताया कि फैसल पर दिल्ली और गाजियाबाद के अलग-अलग थानों में लूट समेत अन्य धारा में करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। फैसल ढ़ाई साल बाद जनवरी में दिल्ली की जेल से बाहर आया था। और आते ही शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी की महिला से कुंडल लूट लिए।