मोदीनगर। नगर की एक कॉलोनी निवासी महिला छह वर्षीय बालक समेत लापता हो गई। पति ने एक युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया। व्यक्ति का आरोप है कि पुलिस मामला गुमशुदगी दर्ज कराना का दबाव दे रही है। मूलरूप से बिहार निवासी एक व्यक्ति परिवार समेत नगर की एक कॉलोनी में रहता है। व्यक्ति का आरोप है कि एक युवक काफी समय से उसकी पत्नी को परेशान कर रहा है। आरोपी 27 फरवरी को उसकी पत्नी और छह वर्षीय बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। व्यक्ति ने पत्नी और बेटे को तलाश करने के लिए थाने में तहरीर दी। आरोप है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कराने से इंकार कर दिया और केवल गुमशुदगी की तहरीर देने का दबाव बनाया। व्यक्ति ने तहरीर बदलने से इंकार कर दिया तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। व्यक्ति कार्रवाई की मांग को लेकर सात दिन से थाने के चक्कर काट रहा है। एसीपी भास्कर वर्मा का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।