मोदीनगर। दिल्ली-मेरठ मार्ग स्थित गांव सीकरी कलां के समीप बीते रविवार को हुए सड़क हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।गांव बेगमाबाद बुदाना निवासी राजू (36) बीते रविवार रात किसी काम के लिए पैदल ही सीकरी कलां की तरफ जा रहा था। इसी दौरान एक बेकाबू ट्रक ने राजू को टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल राजू को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। राजू की हालत गंभीर बनी हुई थी। वहां उपचार के दौरान राजू की मौत हो गई। इसके अलावा भोजपुर थाना क्षेत्र स्थित हापुड़ मार्ग पर गांव भोजपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक बेकाबू ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार बुलंदशहर निवासी उज्जवल गिरि गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज की है।